हमीरपुर, 06 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के कस्बा राठ में हुई एक अनोखी शादी इन दिनों सोशल मीडिया और क्षेत्रीय चर्चाओं में शुक्रवार को सुर्खियां बटोर रही है। कस्बा के एक रिसोर्ट में सम्पन्न इस विवाह समारोह ने उस समय सबका ध्यान खींच लिया, जब पारम्परिक कार या बग्गी की बजाय दुल्हन की विदाई हेलीकॉप्टर से कराई गई।

शादी के बाद शुक्रवार को दूल्हा दीपांकर अपनी दुल्हन निधि को हेलीकॉप्टर से घर लेकर गया। आसमान से उतरे हेलीकॉप्टर को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और इस शाही विदाई को यादगार बना दिया। दूल्हे के पिता गजराज, जो सीएचसी गोहांड में एक्स-रे टेक्निशियन के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि बेटे की शादी को खास और यादगार बनाने का उनका वर्षों पुराना सपना था, जिसे उन्होंने इस अनोखे आयोजन के जरिए पूरा किया। हेलीकॉप्टर से हुई इस अनोखी विदाई की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। मध्यम वर्गीय परिवार के इस भव्य आयोजन की क्षेत्र में खूब सराहना की जा रही है।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा
