उज्जैन, 08 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में जीरो पॉइंट ब्रिज पर गत 03 फरवरी को हुए सडक़ हादसे में एक युवक की मौत हो गई थी।मामले में पुलिस ने सीसीटीवी केमरे खंगाले और दो पहिया वाहन को टक्कर मारने वाले कार चालक को रविवार को गिरफ्तार कर इनोवा वाहन जब्त कर लिया है।

इस मामले को शुरूआत में सामान्य दुर्घटना माना जा रहा था। लेकिन परिजनों के आरोप और सीसीटीवी जांच के बाद यह हिट एंड रन का मामला निकला। देवास गेट थाना पुलिस ने बताया कि हादसे में पंवासा निवासी सूरज पिता प्रदीप अग्निहोत्री 23 वर्ष की मौत हो गई थी। उसका दोस्त अंकित, निवासी वाल्मीकि नगर गंभीर रूप से घायल हो गया था। दोनों युवक आगर रोड स्थित मैरिज गार्डन से लौट रहे थे। स्कूटी जब जीरो पॉइंट ब्रिज के ऊपर पहुंची, तभी पिछे से कार चालक ने जोरदार टक्कर मारी थी। मौके पर दोपहिया वाहन ब्रिज की रेलिंग के पास क्षतिग्रस्त हालत में पड़ा मिला था।

घटना स्थल पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने बाइक को किसी वाहन द्वारा टक्कर मारे जाने का आरोप लगाया था। इस आधार पर पुलिस ने मामले की जांच की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान एक स्थान के सीसीटीवी फुटेज में एक इनोवा कार तेज गति से मौके से जाती हुई दिखाई दी। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर इनोवा को नानाखेड़ा क्षेत्र से जब्त कर चालक हर्षवर्धन पुत्र संग्राम सिंह, निवासी महाशक्ति नगर को गिरफ्तार कर लिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल
