उडुपी, 16 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के चलते वैश्विक स्तर पर गैस आपूर्ति प्रभावित होने के बीच सोमवार को कर्नाटक के उडुपी जिले के कटापडी के पास एलपीजी गैस से भरा टैंकर पलट गया। गैस रिसाव या अन्य कोई अनहोनी की आशंका के चलत राष्ट्रीय हाइवे 66 पर कुछ समय के लिए यातायात रोक दिया गया

जानकारी के अनुसार मंगलुरु से उडुपी की ओर जा रहा गैस टैंकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य के पास अनियंत्रित हो गया और पलट गया। इसके कारण राष्ट्रीय हाइवे 66 पर कुछ समय के लिए यातायात रोक दिया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया और सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन दल के कर्मी भी मौके पर पहुंचे और टैंकर से गैस रिसाव की संभावना की जांच की। किसी भी संभावित खतरे को टालने के लिए एहतियातन टैंकर पर लगातार पानी डालकर उसे ठंडा किया गया।
बाद में मंगलुरु से एक अन्य खाली टैंकर मंगवाकर पलटे हुए वाहन में भरी एलपीजी गैस को सुरक्षित तरीके से स्थानांतरित करने का काम शुरू किया गया। अधिकारियों के अनुसार घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा
