लखनऊ, 17 मार्च (हि.स.)। प्रदेश सरकार ने नगरीय निकायों में काफी समय से खाली चल रहे 2802 पदों पर पार्षद नामित कर दिये हैं। इनमें प्रदेश के 17 नगर निगमों समेत 200 नगर पालिकाओं और 544 नगर पंचायतों में पार्षद नामित कर पार्टी कार्यकर्ताओं का समायोजन किया गया है। नामित पार्षदों का कार्यकाल नगरीय निकायों के शेष कार्यकाल तक रहेगा।

भाजपा की ओर से नामित पार्षदों के लिए प्रदेश सरकार को सूची भेजी गयी थी। प्रमुख सचिव नगर विकास पी.गुरू प्रसाद ने सोमवार देर रात नगरीय निकायों में पार्षदों को नामित करने संबंधी अलग—अलग सूची जारी की। जारी सूची के अनुसार प्रत्येक नगर निगम में 10, नगर पालिका परिषद में 05, नगर पंचायतों में तीन—तीन पार्षद नामित किए गए हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने नामित पार्षदों को दी शुभकामनाएं
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने नगर निकायों में मनोनीत पार्षदों को बधाई देते हुए अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर लिखा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सब राष्ट्रसेवा के संकल्प और समर्पण के साथ अपने-अपने क्षेत्रों के विकास तथा जनसेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। हम सभी मिलकर संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करते हुए प्रदेश और राष्ट्र की सेवा के संकल्प को और सशक्त बनाएंगे। भाजपा उत्तर प्रदेश एक परिवार के रूप में प्रदेश के सर्वांगीण विकास और जनहित के कार्यों के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अवनीश त्यागी ने हिन्दुस्थान समाचार से कहा कि हर जाति व वर्ग के साथ—साथ पार्टी के पुराने व समर्पित कार्यकर्ताओं का समायोजन में ध्यान रखा गया है। महिलाओं को भी समुचित भागीदारी दी गयी है। अवनीश त्यागी ने बताया कि भाजपा में सभी निर्णय सर्वसम्मति से होते हैं। पार्टी ने जिलों में पर्यवेक्षक भेजकर नगर निगम,नगर पालिका व नगर पंचायत में नामित पार्षदों के लिए नाम मांगे गये थे। इसके बाद घोषणा की गयी है।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन
