दक्षिण दिनाजपुर, 25 मार्च (हि. स.)। विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को झटका लगने का सिलसिला जारी है। इस बार वामपंथी दलों के कार्यकर्ता भी भाजपा में शामिल होते नजर आए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, तपन विधानसभा क्षेत्र के बोल्ला ग्राम पंचायत इलाके से 35 परिवारों और बालुरघाट शहर से करीब 20 लोगों ने तृणमूल और वाम दल छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। इससे पहले भी पूर्व तृणमूल विधायक अर्घ्य रॉय और राजबंशी नेता बंशीबदन बर्मन भाजपा में शामिल हो चुके हैं, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।
बुधवार को बालुरघाट स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने नए सदस्यों को पार्टी का झंडा थमाकर उनका स्वागत किया। इस मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष स्वरूप चौधरी, तपन से पार्टी उम्मीदवार बुधराय टुडू और अन्य नेता भी मौजूद रहे।
नए शामिल हुए लोगों ने तृणमूल पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें कोई सुविधा नहीं मिली, जबकि भाजपा की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने यह कदम उठाया है।
हालांकि, तृणमूल ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी का कोई कार्यकर्ता भाजपा में शामिल नहीं हुआ है और यह केवल चुनाव से पहले का “नाटक” है। वहीं, इस मुद्दे पर वाम दलों की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
