

पिथौरागढ़/अल्मोड़ा/टिहरी, 23 फरवरी (हि.स.)। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। पिथौरागढ़ में एक वाहन के गहरी खाई में गिरने से दो लोगों की जान चली गई, जबकि अल्मोड़ा में ट्रक और बैरीकेड के बीच फंसे एक व्यक्ति की मौके पर ही माैत हो गई। वहीं टिहरी जिले के तोताघाटी क्षेत्र में भूस्खलन की चपेट में आने से ट्रक चालक की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ में 250 मीटर गहरी खाई में शनिवार सायं डीसीआर पिथौरागढ़ से सूचना मिली कि घाट क्षेत्र के पास वाहन संख्या यूके-06 एजेड-8788 (महिंद्रा एसयूवी 300) दुर्घटनाग्रस्त होकर लगभग 250 मीटर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही पोस्ट पिथौरागढ़ से एसडीआरएफ टीम एएसआई महिपाल सिंह के नेतृत्व में घटनास्थल के लिए रवाना हुई। जिला पुलिस व राजस्व पुलिस के साथ संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाते हुए टीम ने खाई में उतरकर एक महिला और एक पुरुष के शव बरामद किए। दोनों शवों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

अल्मोड़ा में ट्रक हादसे में एक व्यक्ति की मौत रविवार की रात 01:31 बजे आपदा नियंत्रण कक्ष, अल्मोड़ा काे सूचना मिली कि बिनसर से लगभग तीन किलोमीटर आगे ताकुला रोड पर एक ट्रक में व्यक्ति फंसा हुआ है। पोस्ट सरियापानी से एसडीआरएफ टीम मुख्य आरक्षी नवीन सिंह कुंवर के नेतृत्व में तत्काल मौके पर पहुंची। ट्रक और बैरीकेड के बीच फंसे युवक के शव काे एसडीआरएफ टीम ने बाहर निकाला। मृतक की पहचान भूपेन्द्र सिंह (42) पुत्र चन्द्र मान, निवासी जिला भिवानी, हरियाणा के रूप में हुई है।
भूस्खलन के मलबे में ट्रक दबा, चालक की माैत
सोमवार प्रातः 3:05 बजे सूचना मिली कि टिहरी जनपद के तोताघाटी क्षेत्र में भूस्खलन के कारण एक ट्रक के ऊपर भारी मात्रा में मलबा और पत्थर गिर गए हैं। ट्रक के केबिन में चालक के फंसे होने की आशंका जताई गई थी। एसडीआरएफ टीम उप निरीक्षक सावर सिंह नेगी के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे ट्रक से एक शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान मुरारी लाल (लगभग 55 वर्ष) पुत्र दुर्गा लाल, निवासी घुट्टियानी, जनपद चमोली गढ़वाल के रूप में हुई है। शव को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय
