

रामगढ़, 16 अप्रैल (हि.स.)। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोला थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान कई अवैध भट्ठियों को ध्वस्त कर भारी मात्रा में जावा महुआ और महुआ शराब बरामद की गई।

सहायक आयुक्त उत्पाद अरविंद कुजूर के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने गोला थाना अंतर्गत कामता, रायपुरा और कुश्टेगढा गांवों में व्यापक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने कई अवैध शराब भट्ठियों को नष्ट कर दिया, जिससे क्षेत्र में संचालित अवैध कारोबार को बड़ा झटका लगा है।
छापेमारी के दौरान टीम ने करीब दो हज़ार किलो जावा महुआ, 150 लीटर महुआ शराब बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिया। अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई अवैध शराब निर्माण और तस्करी पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस मामले में कामता, रायपुरा और कुश्टेगढ़ा गांव के कुल 15 लोगों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रमुख आरोपितों में राजू साव, चितरंजन साव, डेलिया साव, विशेश्वर साव, परमेश्वर साव, भीम साव, समीर साव, उमा साव, जगदीश साव, बिशुन महतो, दिनेश महतो, बिनोद महतो, भोलाराम महतो और गंगा बेदिया शामिल हैं। यह छापेमारी अभियान अवर निरीक्षक उत्पाद कांग्रेश कुमार के नेतृत्व में चलाया गया। इसमें उत्पाद विभाग की टीम के साथ प्रतिनियुक्त गृहरक्षक जवानों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश
