जोधपुर, 31 जनवरी (हि.स.)। फलोदी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ डोडा पोस्त के एक बड़े सप्लायर शंकरलाल विश्नोई को गिरफ्तार किया है। आरोपित करीब पांच माह से फरार चल रहा था और उस पर एक क्विंटल डोडा पोस्त की सप्लाई का आरोप है।

पुलिस के अनुसार डांगियावास थाना क्षेत्र स्थित धायलों की ढाणी निवासी शंकर लाल पुत्र गोकलराम विश्नोई के खिलाफ जोधपुर शहर, ग्रामीण, पाली, नागौर और चित्तौडग़ढ़ जिलों में पहले से ही 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस की वांछित सूची में था। पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रजराजसिंह चारण और वृत्ताधिकारी लोहावट नागेंद्र कुमार के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। मतोड़ा थानाधिकारी अमानाराम के नेतृत्व में एक टीम ने शंकर लाल को गिरफ्तार किया।
यह मामला 25 अगस्त 2025 को शुरू हुआ था, जब मतोड़ा पुलिस और रेंज साइक्लोनर टीम ने पूनासर खुर्द में प्रभुराम पुत्र मोटाराम जाट की ढाणी से सौ किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया था। प्रभुराम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। पूछताछ के दौरान, प्रभुराम ने बताया था कि उसने यह डोडा पोस्त शंकर लाल से खरीदा था। इसके बाद, मतोड़ा पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अवैध मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त के संबंध में जांच शुरू की गई थी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश
