चंडीगढ़, 07 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) ने ग्रुप सी के 4227 पदों पर भर्ती निकाली है। इन पदों के लिए नौ फरवरी से आवेदन शुरू होंगे। विभाग की वेबसाइट के माध्यम से 23 फरवरी की रात तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे।

एचएसएससी के अनुसार बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य कर्मचारियों, स्टाफ नर्स, रेडियोग्राफर, डिस्पेंसर, डाइटिशियन, फॉरेस्ट गार्ड, जूनियर इंजीनियर, जूनियर टेक्निकल असिस्टेंट, टेक्निशियन और लीगल असिस्टेंट के पदों पर यह भर्तियां होंगी।

यह भर्ती सीईटी स्कोर के आधार पर होगी। चयन प्रक्रिया में सीईटी स्कोर और उसके बाद पद-विशिष्ट चरण (जैसे स्किल टेस्ट/लिखित परीक्षा) शामिल होंगे। शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार भिन्न हो सकती है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने भर्ती की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कहा कि विज्ञापन संख्या 04/2026 के तहत ग्रुप सी के विभिन्न पदों हेतु विज्ञापन जारी कर दिया गया है। अभ्यर्थी कुल 4227 पदों पर अपना आवेदन नौ फरवरी से लेकर 23 फरवरी 2026 रात 11.59 बजे तक दे सकते हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा
