लखनऊ, 10 मार्च (हि.स.)। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाइयों द्वारा गोद लिए गए ग्राम औरंगाबाद खालसा में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन मंगलवार काे स्वयंसेवकों ने व्यापक स्तर पर सर्वेक्षण कार्य किया।

शिविर के द्वितीय दिवस पर स्वयंसेवकों व सेविकाओं ने टोलियों में विभाजित होकर गांव में घर-घर जाकर सर्वे किया। इस दौरान ग्रामीणों से केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ और उनकी उपलब्धता के विषय में जानकारी प्राप्त की। सर्वे के माध्यम से स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं को भी करीब से समझा।स्वयंसेवकों ने पाया कि गांव में अभी भी जल निकासी के लिए सीवर और साफ-सफाई की उचित व्यवस्था न होने से गंदगी की समस्या बनी हुई है, जिसका त्वरित निदान आवश्यक है। सर्वे के बाद सभी स्वयंसेवकों ने अपनी विस्तृत रिपोर्ट कार्यक्रम अधिकारियों को सौंप दी।इस अवसर पर एनएसएस समन्वयक डॉ. पवन कुमार चौरसिया ने स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन किया। उनके साथ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अर्पित शैलेश, डॉ. भीम सोनकर सहित डॉ. मीना विश्वेश्वर और डॉ. नरेंद्र सिंह उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन
