मंडी, 28 जनवरी (हि.स.)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय महादेव में वालंटियर अक्षरा चौहान के राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस परेड समारोह में भाग लेने के पश्चात् विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह ठाकुर ,समस्त विद्यालय स्टाफ व विद्यार्थियों ने भव्य स्वागत किया । इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने ज़िला समन्वयक राष्ट्रीय सेवा योजना मंडी सुश्री ललिता कुमारी तथा वालंटियर अक्षरा चौहान को प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम अधिकारी ललिता कुमारी ने राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस परेड शिविर की विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि दस दिवसीय इस शिविर में एक सौ वॉलंटियर्स ने भाग लिया । जिनमें 50 गर्ल्स वॉलंटियर्स और 50 बॉयज़ वालंटियर शामिल रहे ।

शिविर में पांच महिला व पांच पुरुष कार्यक्रम अधिकारियों ने भाग लेते हुए सभी वॉलंटियर्स को दस दिन तक कड़ा अभ्यास व प्रशिक्षण दिया। इन सभी स्वयं सेवकों में से 74 स्वयं सेवकों ने 26 जनवरी 2026 को ऐतिहासिक रिज मैदान पर प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को सलामी दी । इस कड़ी में वालंटियर अक्षरा चौहान पहली पंक्ति में चली ।
शिविर का समापन शिक्षा निदेशक स्कूल आशीष कोहली द्वारा किया गया । उन्होंने वॉलंटियर्स व सभी मास्टर ट्रेनर्स की सराहना की ।
प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का विकास करते हैं और उनमें नेतृत्व के गुण, समाज कल्याण , देश प्रेम और राष्ट्र उत्थान की भावना जागृत करने का कार्य करते हैं । उन्होंने स्टेट मास्टर ट्रेनर सुश्री ललिता कुमारी और वालंटियर अक्षरा चौहान को बधाई दी तथा अन्य विद्यार्थियों को भी इनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया । इस अवसर पर समस्त विद्यालय स्टाफ व विद्यार्थी उपस्थित रहे ।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा
