रांची, 07 अप्रैल (हि.स.)। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर लहू बोलेगा रक्तदान संगठन, रांची और झारखंड थैलेसीमिया पीड़ित एसोसिएशन के नेतृत्व में मंगलवार को जिला स्कूल मैदान में स्वास्थ्य जनजागरूकता अभियान चलाया गया।

इस दौरान थैलेसीमिया और सिकल सेल एनीमिया से पीड़ितों और उनके परिजनों ने सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री (पीएम) और झारखंड के मुख्यमंत्री (सीएम) को पत्र लिखकर अपनी समस्याओं और मांगों को रखा।
कार्यक्रम के तहत मन की बात चिट्ठी लिखो अभियान चलाया गया, जिसमें पीड़ितों ने रक्तदान को बढ़ावा देने, रक्त विकारों पर चर्चा, निःशुल्क बोन मैरो ट्रांसप्लांट, मुफ्त दवाइयों की व्यवस्था, आर्थिक सहायता, शिक्षा एवं जीविकोपार्जन से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की। सभी ने सामूहिक रूप से पत्र लिखकर जीपीओ, रांची में भेजा।
संस्थापक रक्तवीर नदीम खान ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य समाज में जागरूकता बढ़ाना और पीड़ितों की आवाज सरकार तक पहुंचाना है। इस अवसर पर स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े विभिन्न संदेशों के साथ प्लेकार्ड के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में थैलेसीमिया पीड़ितों के परिजन, नियमित रक्तदाता और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar
