जम्मू, 08 फ़रवरी (हि.स.)।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की जानीपुर नगर इकाई ने “नशे को ना कहें, जीवन जोड़ें अभियान के तहत एक जागरूकताऔर अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया।

इस अवसर पर, चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता इससे पहले राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आयोजित की गई थी। कार्यक्रम में जानीपुर पुलिस स्टेशन के अतिरिक्त एसएचओ अशोक शर्मा जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। एबीवीपी के जम्मू-कश्मीर राज्य संगठन सचिव तिलक ठाकुर जम्मू महानगर के संयुक्त सचिव कीर्तन सिंह और जानीपुर नगर सचिव अंश शर्मा, अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ कार्यक्रम में उपस्थित थे।
जानीपुर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभा को संबोधित करते हुए तिलक ठाकुर जी ने कहा कि आज छात्रों में सबसे बड़ी लत मोबाइल फोन की लत है। उन्होंने छात्रों से अपने स्क्रीन टाइम को गतिविधि टाइम में बदलने और मोबाइल फोन का उपयोग केवल आवश्यकता के अनुसार करने का संकल्प लेने का आग्रह किया।
वक्ताओं ने नशामुक्त जीवनशैली के महत्व पर जोर दिया और छात्रों को अनुशासन, रचनात्मकता और सकारात्मक आदतें अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। युवा प्रतिभाओं को प्रेरित और प्रोत्साहित करने के लिए चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रमाण पत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता
