जयपुर, 16 मार्च (हि.स.)। जयपुर नगर निगम की रेवेन्यू टीम ने बकाया यूडी टैक्स की वसूली को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए सीकर रोड स्थित एमएस धोनी क्रिकेट एकेडमी को सीज कर दिया। निगम के अनुसार, स्टेडियम संचालकों पर करीब 42.38 लाख रुपये का यूडी टैक्स बकाया था, जिसे बार-बार नोटिस देने के बावजूद जमा नहीं कराया गया। इसके बाद नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर सीज की कार्रवाई की।

मुरलीपुरा जोन के उपायुक्त पवन शर्मा ने बताया कि एकेडमी पर साल 2007 से 2025 तक का नगरीय विकास शुल्क बकाया था, जिसे जमा करवाने के लिए कई बार नोटिस जारी किया। लेकिन नोटिस के बाद भी टैक्स जमा नहीं करवाने पर सोमवार को रेवेन्यू टीम ने कुर्की की कार्रवाई कर एकेडमी को सील किया।
उन्होंने बताया कि इस स्टेडियम के अलावा मुरलीपुरा जोन एरिया में कुछ दुकानों को भी 2.86 लाख रुपए का बकाया यूडी टैक्स जमा नहीं करवाने पर कुर्की की कार्रवाई करते हुए सील किया गया।
नगर निगम की टीम ने सांगानेर और जगतपुरा जोन एरिया में भी बकाया यूडीटैक्स जमा नहीं करवाने पर कुर्की की कार्रवाई की। जगतपुरा जोन में अलग-अलग स्थानों पर बकाया यूडी टैक्स होने पर 3 सम्पत्तियां और सांगानेर जोन में 6 सम्पत्तियों को सील किया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश
