जम्मू, 14 मार्च (हि.स.)।

मिडल ईस्ट में ईरान और इजरायल के बीच जारी तनाव के चलते तेल और गैस की आपूर्ति को लेकर लोगों में तरह-तरह की अफवाहें फैल रही हैं। इसी बीच हाल ही में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद कई जगहों पर गैस की किल्लत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि केंद्र और राज्य सरकार बार-बार स्पष्ट कर रही हैं कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है और लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।
जम्मू में भी ऐसी ही स्थिति देखने को मिल रही है। जानकारी के अनुसार एलपी जी सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग के सर्वर कई बार ठप होने की शिकायतें सामने आई हैं जिसके चलते लोग सीधे गैस डीलरों के पास पहुंच रहे हैं। कई एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लग गई हैं। वहीं कुछ स्थानों पर घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी किए जाने की भी शिकायतें सामने आई हैं।
बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में हाल ही में एक गैस डीलर को कालाबाजारी के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार भी किया है। इसी बीच कैबिनेट मंत्री सतीश शर्मा ने चेतावनी दी है कि जो भी व्यक्ति या डीलर एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी करते हुए पाया गया उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर उसका लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है।
इन परिस्थितियों को देखते हुए आज जम्मू में डोगरा फ्रंट के प्रधान अशोक गुप्ता और उनके साथियों ने एलपीजी सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान अशोक गुप्ता ने सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की कि जो भी लोग गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी में शामिल हैं उनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
डोगरा फ्रंट ने प्रशासन से यह भी अपील की कि गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि उपभोक्ताओं को समय पर एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध हो सकें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता
