सूरत, 11 मार्च (हि.स.)। सूरत महानगर पालिका (एसएमसी) की वर्तमान टर्म की अंतिम सामान्य सभा मंगलवार को पूर्ण हुई। इसमें शहर के इतिहास से जुड़ा एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। सभा में दो अहम प्रस्ताव पेश किए गए, जिन्हें सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई। इस निर्णय के अनुसार मनपा मुख्यालय के रूप में प्रसिद्ध ‘मुगलीसराय’ भवन का नाम अब ‘तापी भवन’ रखा जाएगा, जबकि आसपास का विस्तार ‘मुगलसराय’ क्षेत्र अब ‘तापीपुरा’ के नाम से जाना जाएगा।

यह प्रस्ताव सभा की अध्यक्षता कर रहे महापौर दक्षेश मावाणी द्वारा प्रस्तुत किया गया। प्रस्ताव रखते ही सभागार में मौजूद सभी नगरसेवक खड़े हो गए और बेंच थपथपाकर इस निर्णय का स्वागत किया। कुछ नगरसेवकों ने “सनातन धर्म की जय” के नारे भी लगाए।
खास बात यह रही कि विपक्ष के नगरसेवकों ने भी खड़े होकर इस प्रस्ताव का समर्थन किया, जिसके चलते दोनों प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हो गए।
प्रस्ताव रखते समय महापौर मावाणी ने सूरत के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि शहर की गौरवशाली पहचान और इतिहास को ध्यान में रखते हुए यह नाम परिवर्तन किया गया है।
अब आधिकारिक रूप से मनपा मुख्यालय ‘तापी भवन’ और आसपास का क्षेत्र ‘तापीपुरा’ के नाम से जाना जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे
