सिलीगुड़ी, 28 जनवरी (हि.स)। भारत–नेपाल सीमा पर तैनात 41वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 22 लाख 50 हजार की भारतीय नकदी जब्त की है। इस कार्रवाई में चार लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों के नाम अमर बहादुर थापा, राजू कौसिला, भीम बहादुर कौसिला और प्रेम कुमार सन्यासी है। इनमें से तीन मेघालय के निवासी हैं जबकि एक दार्जिलिंग जिले का निवासी है। एसएसबी सूत्रों के अअनुसार पानीटंकी बॉर्डर इंटेलिजेंस टीम ने 27 जनवरी की देर शाम नियमित चेकिंग के दौरान भारत से नेपाल की ओर जा रही एक कार को रोक कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में सवार व्यक्तियों के पास से बाईस लाख पचास हजार रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद की गई।

प्रारंभिक जांच में यह राशि अवैध रूप से सीमा पार तस्करी के उद्देश्य से ले जाई जा रही थी। जिसके बाद एसएसबी ने रूपये को जब्त कर लिया। जब्त की गई नकदी, वाहन एवं सभी आरोपितों को आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु कस्टम कार्यालय पानीटंकी को सौंप दिया।एसएसबी ने स्पष्ट किया है कि वह भारत–नेपाल सीमा की सुरक्षा, तस्करी एवं अन्य सीमा पार अपराधों पर रोक लगाने के लिए सतत निगरानी और खुफिया-आधारित अभियानों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
