सिमडेगा, 25 मार्च (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे ने केरसई थाना का बुधवार काे औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एसपी ने थाना के सभी दस्तावेजों एवं अभिलेखों की जांच की। साथ ही लंबित कांड, वारंट और कुर्की मामलों की समीक्षा कर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ।

निरीक्षण के क्रम में एसपी ने क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर गश्ती व्यवस्था तेज करने पर जोर दिया। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को प्रभावी गश्ती करने, वारंटियों व अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाने तथा आमसूचना संकलन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
इसके अलावा प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, अवैध तस्करी, जुआ व अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने तथा सड़क सुरक्षा को लेकर नियमित वाहन जांच अभियान चलाने की बात कही गई। एसपी ने बीट भ्रमण बढ़ाकर आम लोगों से समन्वय स्थापित करने और आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने का भी निर्देश दिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Ravikant Sahu
