रायगढ़, 11 मार्च (हि.स.)। जिले में “ऑपरेशन अंकुश” के तहत जुआ-सट्टा के खिलाफ चल रही कार्रवाई में चक्रधरनगर पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा मामले में फरार आरोपित गगन अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे हिमालया हाइट्स बैंक कॉलोनी के पास से पकड़ा है। आरोपित के खिलाफ थाना चक्रधरनगर में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत पहले से अपराध दर्ज था और पुलिस पिछले करीब एक महीने से उसकी तलाश कर रही थी।

मामला 16 फरवरी का है, जब चक्रधरनगर और साइबर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बोईरदादर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित श्याम फिनाइल उद्योग में छापा मारकर विकास अग्रवाल और विनय अग्रवाल को ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते गिरफ्तार किया था। कार्रवाई के दौरान आरोपितों से मोबाइल फोन और सट्टा से संबंधित सामग्री जब्त की गई थी। पूछताछ में दोनों ने खरसिया निवासी गगन अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टा खाईवाल का काम करने की बात स्वीकार की थी।
इसके बाद से गगन अग्रवाल फरार चल रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसके ससुराल आने की खबर पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से एक सैमसंग मोबाइल फोन जब्त किया। पुलिस ने आरोपित को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि, ऑनलाइन सट्टा और जुए के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान
