नई दिल्ली, 21 फरवरी (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने ऑस्ट्रेलिया में तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला 2-1 से जीतने पर भारतीय सीनियर महिला टीम को बधाई दी है। भारत ने एडिलेड में खेले गए निर्णायक तीसरे मुकाबले में 17 रन से जीत दर्ज कर सीरीज अपने नाम की।

एडिलेड ओवल में खेले गए रोमांचक मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम ने निचले क्रम में संघर्ष किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में संयम बनाए रखते हुए मेजबान टीम को रोक दिया।

भारत की पारी में उपकप्तान स्मृति मंधाना (82 रन, 55 गेंद) और जेमिमा रोड्रिगज (59 रन, 46 गेंद) की 121 रन की साझेदारी निर्णायक साबित हुई। शैफाली वर्मा की तेज शुरुआत के बाद मंदाना और रोड्रिग्स ने पारी को संभाला। मंदाना शतक से 18 रन दूर रह गईं, लेकिन उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अंत में ऋचा घोष ने उपयोगी योगदान दिया।
गेंदबाजी में श्रेयांका पाटिल ने अहम भूमिका निभाई और महत्वपूर्ण विकेट झटके। ऑस्ट्रेलिया की पारी की शुरुआत खराब रही, जब रेनुका ठाकुर ने बेथ मूनी को शुरुआती ओवर में आउट किया। इसके बाद फोएबे लिचफील्ड और एश्ले गार्डनर (57 रन) ने संघर्ष किया, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से लक्ष्य हासिल नहीं हो सका। कप्तान सोफी मोलिन्यू का विकेट भी निर्णायक मोड़ साबित हुआ।
सैकिया ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए लिखा कि यह मजबूत ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ “कमांडिंग” जीत है और मल्टी-फॉर्मेट सीरीज की शानदार शुरुआत है। उन्होंने खिलाड़ियों से आगामी वनडे श्रृंखला में भी इसी प्रदर्शन को जारी रखने की अपील की।
भारत ने सीरीज का पहला मैच जीता था, जबकि दूसरा मुकाबला कैनबरा में गंवाया। निर्णायक जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने विदेशी धरती पर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की है।
——————
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय
