कानपुर, 07 फरवरी (हि.स.)। अखिल भारतीय सर्व ब्राह्मण महासभा के पदाधिकारियों ने वेब सीरीज घूसखोर पंडित को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। महासभा की ओर से शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से मुख्यमंत्री को सम्बोधित एक मांग पत्र सौंपा गया, जिसमें ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर प्रसारित हो रही फिल्म पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है।

संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित वीरेंद्र दुबे ने कहा कि फिल्म के माध्यम से ब्राह्मण समाज की छवि को जानबूझ कर नकारात्मक और अपमानजनक रूप में प्रस्तुत किया गया है, जिससे एक विशेष समुदाय की भावनाएं आहत हो रही हैं। फिल्म में प्रयुक्त कथानक और संवाद सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचा सकते हैं और जातीय विद्वेष को बढ़ावा देने का कार्य करते हैं।

अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी भी समाज या वर्ग का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रदेश सरकार से मामले का संज्ञान लेते हुए फिल्म की विषयवस्तु की जांच कराने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि फिल्म पर शीघ्र रोक नहीं लगाई गई तो महासभा प्रदेशव्यापी आंदोलन करने को बाध्य होगी।
प्रशासनिक अधिकारियों ने मांग पत्र प्राप्त कर उचित माध्यम से शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
