भुवनेश्वर, 22 नवंबर (हि.स.)ओडिशा विजिलेंस ने हिंदोल सब-ट्रेजरी, ढेंकानाल के पूर्व वरिष्ठ लिपिक मनोरंजन साहू को ₹68.85 लाख की कथित हेराफेरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह जानकारी विजिलेंस विभाग ने दी।

मनाेरंजन साहू पिछले दो वर्षों से फरार चल रहा था जिसे शुक्रवार देर रात गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई पारिवारिक पेंशनधारकों से जुड़े बड़े वित्तीय अनियमितताओं की विस्तृत जांच के बाद की गई है।

प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आराेपित साहू ने पारिवारिक पेंशन प्राप्तकर्ताओं के लिए निर्धारित सरकारी धन को फर्जी तरीके से निकाला और उसे अपने बैंक खाते सहित अपने रिश्तेदारों के खातों में स्थानांतरित कर दिया। विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, यह पूरा घोटाला “सरकारी धन की धोखाधड़ीपूर्ण निकासी” के माध्यम से अंजाम दिया गया, जिसमें वास्तविक पेंशनधारकों को उनका पैसा नहीं मिला।
इस मामले में कटक विजिलेंस पीएस केस नंबर 32/2024 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि साहू को आज विशेष न्यायाधीश, विजिलेंस, ढेंकानाल की अदालत में पेश किया जाएगा।
विजिलेंस विभाग ने कहा कि वित्तीय घोटाले की जांच जारी है और आगे की पूछताछ में अतिरिक्त साक्ष्य और संभावित सहयोगियों की भूमिका का पता लगाया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो
