कठुआ, 26 फरवरी (हि.स.)। नगर परिषद कठुआ द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत गुरुवार को हटली मोड़ क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे बने फुटपाथ और सर्विस लेन पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। अभियान के दौरान नगर परिषद की टीम के साथ तहसीलदार कठुआ और पुलिस बल भी मौजूद रहा।

कार्रवाई के दौरान फुटपाथ पर खड़ी रेहड़ियों, अस्थायी ढांचों और अवैध रूप से बनाए गए अड्डों को हटाया गया। अधिकारियों के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग से सटी सर्विस लेन और पैदल मार्ग पर लंबे समय से अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके कारण राहगीरों को सड़क के बीच चलने पर मजबूर होना पड़ता था और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। नगर परिषद के सीईओ अमित शर्मा ने बताया कि शहर में लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर पिछले कई दिनों से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फुटपाथ आम जनता की सुविधा के लिए होते हैं और उन पर किसी भी प्रकार का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे, ताकि शहर में यातायात सुचारु रहे और आम लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया
