कठुआ, 14 मार्च (हि.स.)। नशे के खिलाफ जारी अभियान के तहत कठुआ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पुलिस पोस्ट मढ़हीन अधिकार क्षेत्र के चक शामा इलाके में कार्रवाई करते हुए करीब 72.29 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर एक और नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर मढ़हीन पुलिस की टीम ने चक शामा में नाका लगाकर संदिग्ध सुल्तान अहमद पुत्र मोहम्मद अली निवासी चक हरिया को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 72.29 ग्राम हेरोइन जैसी नशीली पदार्थ बरामद हुआ जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। यह कार्रवाई राजबाग थाना में दर्ज एफआईआर नंबर 61/2026 (एनडीपीएस एक्ट) के बैकवर्ड लिंक की जांच के दौरान की गई। इससे पहले इसी मामले में मुकंदपुर निवासी बाग हुसैन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 15.20 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था। पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक कुल 87.49 ग्राम चिट्टा बरामद किया जा चुका है और दो तस्करों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मामले की आगे जांच जारी है ताकि नशे की सप्लाई चेन के अन्य लिंक का पता लगाया जा सके। कठुआ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना 112 या 9858034100 पर दें, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया
