कठुआ, 15 मार्च (हि.स.)। जिले में एलपीजी सिलेंडरों की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच एडी एफसीएस एंड सीए कठुआ मोहम्मद सगीर ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और सभी गैस एजेंसियों के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

उन्होंने बताया कि विभाग की टीम ने विभिन्न एलपीजी एजेंसियों का दौरा कर मौके पर स्थिति का जायजा लिया है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि एजेंसियों के पास पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं और आपूर्ति व्यवस्था सामान्य रूप से जारी है। मोहम्मद सगीर ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और गैस सिलेंडर लेने के लिए अनावश्यक भीड़ न लगाएं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिले में एलपीजी की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी रहेगी और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया
