कठुआ, 23 फरवरी (हि.स.)। कठुआ के विधायक डॉ. भारत भूषण ने उत्तरी रेलवे जम्मू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) विवेक कुमार के साथ बैठक कर कठुआ रेलवे स्टेशन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।

विधायक ने डीआरएम को अवगत कराया कि टाटा मूरी, अर्चना एक्सप्रेस और सूबेदारगंज जैसी ट्रेनों का ठहराव कोविड-काल के दौरान कठुआ स्टेशन पर बंद कर दिया गया था, जिसे अभी तक बहाल नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि इससे रोजाना आने-जाने वाले कर्मचारियों, यात्रियों तथा अमृतसर स्थित दरबार साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि उन्हें ट्रेन पकड़ने के लिए पहले पठानकोट जाना पड़ता है। डॉ. भारत भूषण ने मरोली रोड पर आरपीएफ पुलिस स्टेशन के पास बने अंडरपास की जर्जर स्थिति का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि इस खराब अंडरपास के कारण कंडी पंचायतों के ग्रामीणों और आईआईडीसी केंद्र के औद्योगिक श्रमिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही जंगलोट और जसरोटा में रेलवे ट्रैक पर नए अंडरपास के निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि यातायात सुचारु रह सके और लोगों को 20-30 मिनट तक लगने वाले जाम से राहत मिल सके। इसके अलावा विधायक ने कठुआ रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, नए पंखे और बैठने की व्यवस्था तथा प्लेटफार्मों के बीच आवाजाही को सुगम बनाने के लिए एस्केलेटर लगाने की मांग भी की। इस पर डीआरएम विवेक कुमार ने सभी मांगों पर उचित और आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया
