तिर्वा में छात्रों को मिलेगा शैक्षणिक सहयोग, रिसर्च में आसानी

कन्नौज, 30 जनवरी (हि. स.)। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज और बाबा साहब डॉ. भीमराव रामजी मेडिकल कॉलेज के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं। यह समझौता दोनों संस्थानों के छात्रों को शैक्षणिक और शोध कार्यों में सहयोग प्रदान करेगा। इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक मनोज शुक्ला और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीपी पाल ने इस एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीपी पाल ने बताया कि इस शैक्षणिक समझौते से छात्रों को अध्ययन के दौरान आने वाली समस्याओं से निजात मिलेगी। मेडिकल कॉलेज के छात्र इंजीनियरिंग कॉलेज जाकर विभिन्न विषयों पर शोध कर सकेंगे।
इंजीनियरिंग कॉलेज प्रशासन एमबीबीएस और पीजी के छात्रों के शोध कार्यों में सहयोग करेगा। इसी तरह, इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र यदि किसी बीमारी पर शोध करना चाहते हैं, तो वे मेडिकल कॉलेज आकर अपना कार्य कर सकते हैं।
इस सहयोग से दोनों कॉलेजों के छात्रों को शैक्षणिक और शोध के क्षेत्र में एक नई दिशा मिलेगी। इस अवसर पर इंजीनियरिंग कॉलेज के सहायक प्राध्यापक राजीव कुमार और ऋषभ कश्यप, तथा मेडिकल कॉलेज से डॉ. जय प्रकाश और डॉ. रोहित यादव उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा
