चंडीगढ़, 05 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा में नगर निगम चुनाव का ऐलान किसी भी समय हो सकता है। ऐसे में एक तरफ जहां कांग्रेस और भाजपा चुनावी तैयारियों में जुटे हुए हैं वहीं कांग्रेस की अनुशासन समिति ने पंचकूला विधायक एवं पूर्व डिप्टी सीएम चंद्रमोहन की शिकायत पर पंचकूला निगम की पूर्व मेयर समेत चार नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। यह कार्रवाई करीब डेढ साल बाद हुई है। जिन नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है वह पंचकूला नगर निगम में मेयर पद पर उम्मीदवार के प्रबल दावेदार हैं।

पंचकूला से कांग्रेस विधायक चंद्रमोहन ने साल 2024 में हुए विधानसभा चुनाव के बाद कुछ लोगों के खिलाफ पार्टी को शिकायत सौंपी थी। जिसमें कहा गया था कि उनके खिलाफ इन लोगों ने चुनाव के दौरान काम किया है। कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद धर्मपाल मलिक की तरफ से पंचकूला की पूर्व मेयर उपेंद्र कौर आहलूवालिया, उनके पति धनेंद्र आहलूवालिया, पंचकूला नगर परिषद के पूर्व प्रधान रविंद्र रावल तथा उनके भाई नरेश रावल को नोटिस जारी किया गया है।
पंचकूला में होने वाले निगम चुनाव में उपेंद्र कौर व रविंद्र रावल निगम अध्यक्ष पद उम्मीदवार के प्रबल दावेदारों में से एक हैं। नोटिस की कार्रवाई को आहलूवालिया और रावल की राह बंद करने की कोशिशों से जोडक़र देखा जा रहा है। पूरे मामले में उपिंद्र कौर ने चुप्पी साध ली है। कांग्रेस अनुशासन समिति की तरफ से नोटिस का जवाब देने के लिए 7 दिन का समय भी दिया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा
