गुवाहाटी, 04 मार्च (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कांग्रेस के प्रत्याशियों की सूची पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे उत्तराधिकारियों की सूची करार दिया है।

मुख्यमंत्री डाॅ शर्मा बुधवार काे बरपेटा में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्हाेंने कहा कि कांग्रेस की सूची में केवल बाप-बेटे और बेटियों को ही प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सूची पूरी तरह परिवारवाद से प्रभावित है और इसमें किसी प्रकार की नवीनता देखने को नहीं मिलती। डॉ. सरमा ने कहा कि कांग्रेस ने एक बार फिर समर्पित और जमीनी स्तर पर काम करने वाले सामान्य कार्यकर्ताओं की अनदेखी की है। उनके अनुसार, सूची में ऐसे कार्यकर्ताओं का नाम नहीं है, जिन्होंने वर्षों तक पार्टी के लिए मेहनत की है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब भी वंशवाद की राजनीति को बढ़ावा दे रही है और आम कार्यकर्ताओं को अवसर देने में असफल रही है।

———-
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश
