जयपुर, 12 मार्च (हि.स.)। पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का बयान हास्यास्पद एवं गैर-जिम्मेदार है। देश के संविधान ने हमें बोलने की आजादी दी है लेकिन हमारे कुछ नैतिक कर्तव्य भी होते हैं। जिस प्रकार का वातावरण आज पूरे विश्व में बना हुआ है। उसमें निश्चित तौर पर पूरे विश्व के अंदर तथा देश में भी पेट्रोल, गैस एवं नेचुरल गैस की कमी आ रही है। लेकिन फिर भी राजस्थान में कोई भी कमी एवं कालाबाजारी नहीं हो रही है।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं बैठकें कर रहे हैं तथा लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। ऐसे समय में उनके द्वारा बयान देकर पैनिक वातावरण तैयार करना सभ्य और जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य नहीं है। लोकसभा अध्यक्ष एवं कोटा एयरपोर्ट को लेकर उनके दिए गए बयान हास्य का कारण बन रहे हैं। राठौड़ ने कहा कि जिस प्रकार कोरोना महामारी के समय हमने आगे बढ़कर कहा था कि हम सरकार के साथ उसी तरह आज के माहौल में उनको भी आगे आना चाहिए तथा सरकार का साथ देना चाहिए। अभी ऐसी कोई कमी और कालाबाजारी नहीं है लेकिन उनके द्वारा दिए गए बयान से कालाबाजारी बढ़ रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव
