पौड़ी गढ़वाल, 07 अप्रैल (हि.स.)। शहर में स्थित कांजी हाउस में गौवंशों की देखरेख करने में नगरपालिका की बड़ी लापरवाही सामने आई है। कांजी हाउस में 4 गौवंश मृत अवस्था में पड़े हुए है।

घटना पर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों व अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है। कहा कि मामले की शिकायत गौ सेवा आयोग से की जाएगी। शहर के सर्किट हाउस में स्थित कांजी हाउस का नगरपालिका द्वारा संचालन किया जाता है। जहां शहर के आवारा गौवंशों को रखा जाता है।
स्थानीय निवासी भाष्कर बहुगुणा ने बताया कि नगरपालिका प्रशासन गौवंशों की देखरेख करने मे लापरवाही बरत रहा है। जिससे यहां पर चार गौवंश मृत पड़े है। एक गौवंश को गदेरे में फेंका गया है। कहा कि यहां पर दुर्गंध भी चल रही है। जिससे लग रहा है कि इन गौवंशों की कई दिनों पहले मौत हो गई है। कहा कि जल्द ही मामले की शिकायत गौ सेवा आयोग से करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
वहीं, ईओ पौड़ी संजय कुमार ने बताया कि नगरपालिका प्रशासन कांजी हाउस में गौवंशों का सही ढंग से रख रखाव करता है। कहा कि प्रतीत हो रहा है कि आपस में लड़ाई से गौवंशों की मौत हुई है। कहा कि कर्मचारियों को मृत गौवंशों का सही ढंग से निस्तारण करने के निर्देश दिए गए है। साथ ही भविष्य में इस तरह की लापरवाही नहीं बरतने के भी निर्देश जारी किए गए है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह
