रांची, 02 फ़रवरी (हि.स.)। कांटाटोली–सिरमटोली कनेक्टिंग फ्लाईओवर के निर्माण कार्य की प्रगति को लेकर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सोमवार को समाहरणालय में अधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक की।

बैठक की अध्यतक्षता करते हुए उपायुक्त ने फ्लाईओवर निर्माण से जुड़े सभी संबंधित विभागों की ओर से किए जा रहे कार्यों की ताजा स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी कर्मी आपसी समन्वय के साथ निर्माण कार्य को गति दें ताकि समय पर कार्य पूरा हो सके।
मौके पर उपायुक्त ने फ्लाईओवर निर्माण की वर्तमान स्थिति, भू-अर्जन, ट्रैफिक प्रबंधन, यूटिलिटी शिफ्टिंग और भवन हटाने से संबंधित बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा करते हुए कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि कांटाटोली–सिरमटोली कनेक्टिंग फ्लाईओवर शहर की यातायात व्यवस्था के लिए बेहद जरूरी परियोजना है। इसे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में बताया गया कि नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 12 भवनों का वैल्यूएशन निर्धारण किया जा चुका है। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को भवनों की शिफ्टिंग की प्रक्रिया जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
अधिकारियों ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर शिफ्टिंग की कार्रवाई कर ली जाएगी।
उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के साथ-साथ कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने और निर्माण कार्य के दौरान आम जनता को न्यूनतम असुविधा हो, इसका विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।
बैठक में नगर प्रशासक सुशांत गौरव, पुलिस अधीक्षक (नगर) पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक सहित कई अधिकारी मौजूद थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar
