कोलकाता, 10 मार्च (हि. स.)। दक्षिण 24 परगना जिले के काकद्वीप में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद एक मतदाता का नाम हटाए जाने पर बूथ स्तर अधिकारी को कथित रूप से धमकी मिलने का मामला सामने आया है। अधिकारी ने अपनी सुरक्षा को लेकर राज्य प्रशासन और पुलिस से शिकायत की है।

मिली जानकारी के अनुसार, बूथ स्तर अधिकारी मणिंद्रनाथ दास को 28 फरवरी को विशेष गहन पुनरीक्षण के पहले चरण के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद से ही धमकी भरे फोन आ रहे हैं। सोमवार रात भी उन्हें इसी तरह का एक फोन आया।
इसके बाद उनके घर की दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे के दरवाजे पर ईंट फेंककर नुकसान पहुंचाया गया। मणिंद्रनाथ दास ने मंगलवार को राज्य प्रशासन से संपर्क कर अपनी जान को खतरा होने की शिकायत की। उनका आरोप है कि जिस व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हटाया गया है, उसी के परिवार के लोग इस घटना के पीछे हो सकते हैं।
मणिंद्रनाथ दास दक्षिण 24 परगना जिले के काकद्वीप थाना क्षेत्र के पश्चिम गोबिंदपुर के निवासी हैं और बूथ संख्या 85 के बूथ स्तर अधिकारी हैं। वह स्थानीय एक प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक भी हैं।
उन्होंने बताया कि अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद यह सामने आया कि उनके बूथ से 163 मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं, जबकि 27 मतदाताओं के मामले विचाराधीन हैं।
दास ने कहा कि इसके बाद से ही उन्हें लगातार धमकी भरे फोन आने लगे। कुछ दिन पहले एक महिला उनके घर आई और उन्हें धमकाकर चली गई। उन्होंने कहा कि सोमवार रात की घटना के बाद वह काफी डर गए हैं।
उनका कहना है कि जिस व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में नहीं आया, उसी ने उनके घर पर हमला कराया। इस घटना के बाद उनके पूरे परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
मंगलवार को उन्होंने इस संबंध में काकद्वीप के प्रखंड विकास अधिकारी अभिजीत चौधुरी को लिखित शिकायत दी। इसके साथ ही काकद्वीप थाना में भी मामला दर्ज कराया गया है।
दास ने बताया कि सोमवार रात किसी ने फोन कर उनसे कहा कि उसके भाई का नाम मतदाता सूची से क्यों हटाया गया। उसने उन्हें तैयार रहने की चेतावनी भी दी। इसके कुछ समय बाद ही उनके घर पर हमला हुआ।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से किसी का नाम हटाने में उनकी कोई भूमिका नहीं है, फिर भी उन्हें और उनके परिवार को असुरक्षा के माहौल में रहना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि अब उन्हें रात में ठीक से नींद भी नहीं आ रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर
