कोलकाता, 21 फ़रवरी (हि.स.)।

पश्चिम बंगाल के पूर्व पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार की ओर से भेजे गए कानूनी नोटिस पर केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री एवं सांसद डॉ सुकांत मजूमदार ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। शनिवार को अपने बयान में सुकांत मजूमदार ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और पूर्व डीजीपी राजीव कुमार पर सीधा राजनीतिक हमला बोला।

सुकांत मजूमदार ने कहा कि “असफल मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की विशेष कृपा प्राप्त पूर्व डीजीपी राजीव कुमार की ओर से उनके वकील के माध्यम से मुझे यह कानूनी नोटिस भेजा गया है। जनता के सामने राजीव कुमार का असली चरित्र उजागर होने से उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है, ऐसा दावा इस नोटिस में किया गया है।”
उन्होंने आगे कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले व्यक्तियों के कार्यों और भूमिका पर सवाल उठाना और सच्चाई को जनता के सामने लाना किसी भी तरह से मानहानि नहीं है। सुकांत मजूमदार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे इस तरह के नोटिस से डरने वाले नहीं हैं और न ही सच बोलने से पीछे हटेंगे। उन्होंने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाने का प्रयास बताया।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले पूर्व डीजीपी राजीव कुमार की ओर से अधिवक्ता नंदिनी चटर्जी के माध्यम से सुकांत मजूमदार को कानूनी नोटिस भेजा गया था। नोटिस में आरोप लगाया गया था कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित वीडियो और बयानों के जरिए राजीव कुमार के खिलाफ झूठे, मनगढ़ंत और मानहानिकारक आरोप लगाए गए हैं, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा और पेशेवर छवि को गंभीर नुकसान पहुंचा है। नोटिस में सात दिनों के भीतर सभी कथित आपत्तिजनक सामग्री हटाने और सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी की मांग की गई थी, अन्यथा दीवानी और आपराधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
