नई दिल्ली, 09 फ़रवरी (हि.स.)। बाहरी उत्तरी जिले के बवाना औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सेक्टर-4 स्थित डीएसआईआईडीसी इलाके में फैक्टरी के बाहर युवक को गोली मारी गई, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, साेमवार दोपहर करीब 12:51 बजे थाना बवाना को पूठ खुर्द स्थित एमवी अस्पताल से सूचना मिली कि गोली लगने से घायल एक युवक को अस्पताल लाया गया है। जिसे डाॅक्टराें ने मृत घोषित कर दिया। जांच में मृतक की पहचान बवाना निवासीवैभव गांधी (35) के रूप में हुई है। वैभव का निजी काराेबार था। सूचना मिलते ही थाना बवाना पुलिस की टीम तत्काल अस्पताल पहुंची और घटनास्थल की पहचान की गई। जांच में सामने आया कि वारदात फैक्ट्री नंबर जे-133 और जे-21 के सामने, सेक्टर-4, डीएसआईआईडीसी, बवाना में हुई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मोबाइल क्राइम टीम और एफएसएल रोहिणी की टीम को बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बताया कि वारदात से जुड़े सबूत मौके से उठाए गए हैं।
पुलिस ने मामले के तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
बाहरी उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी ने बताया कि आरोपिताें की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने कई टीमों का गठन किया है, जिनमें ऑपरेशन यूनिट की विशेष टीमें भी शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
