पीड़िता के पिता ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा

हमीरपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में साइकिल से खेत जा रही किशोरी को गांव के युवकों ने बाइक से अपहरण कर लिया हालांकि पुलिस ने किशोरी को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया लेकिन परिजनों का कहना है कि पुलिस ने दुष्कर्म और अपहरण का मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही नहीं की। वहीं कोतवाली पुलिस ने शनिवार को मुकदमा दर्ज करते हुए युवती बरामद कर लिया है और एक आरोपित को जेल भेज दिया है।
मौदहा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने मुख्यमंत्री सहित तमाम आला अधिकारियों को भेजे पत्र में बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ फसल की कतराई करवा रहे थे। और उनकी नाबालिग पुत्री साइकिल से खेत आ रही थी। तभी रास्ते में जगदीश उर्फ मिक्की और सुनील ने जबरदस्ती मोटरसाइकिल से उसकी बेटी का अपहरण कर लिया। हालांकि घटना को गांव के लोगों ने देखा। लेकिन बाइक सवार बेटी को लेकर भाग गए। पीड़ित ने बताया कि उसने तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी। जिस पर पुलिस ने आरोपियों पर दबाव बनाते हुए देर रात उसकी पुत्री को बरामद कर लिया। जबकि न तो पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की और न ही उसकी पुत्री का मेडिकल परीक्षण करा मुकदमा दर्ज किया। पीड़ित ने मुख्यमंत्री सहित अन्य आला अधिकारियों को पंजीकृत डाक से पत्र भेजकर मामले में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने शनिवार को बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। किशोरी को सकुशल प्राप्त किया गया। एक आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा
