मरादाबाद, 30 जनवरी (हि.स.)। रोटरी क्लब मुरादाबाद ईस्ट द्वारा रोटरी न्यास के आर्थिक सहयोग से क्रेस्ट हास्पिटल मुरादाबाद में स्थापित ब्लड बैंक प्रोजेक्ट के अंतर्गत पूर्व निर्धारित कार्यक्रमानुसार राही होटल मुरादाबाद में रक्तदान हेतु प्रेरित करने का अभियान का शुभारंभ किया गया।

मुख्य अतिथि नामित मंडलाध्यक्ष व स्वैच्छिक रक्तदाता रोटेरियन डॉ. काव्य सौरभ रस्तोगी जो स्वयं एक स्वैच्छिक रक्तदाता हैं ने सभा में उपस्थित युवा शक्ति का आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी राष्ट्र या समाज के भविष्य का अंदाजा उसके युवाओं की मनोदशा से ही लगाया जा सकता है। रक्तदान से स्वयं सहित किसी की जिंदगी बचाई जा सकती है।
संचालन सुरेश चंद्र अग्रवाल ने किया। मण्डलीय रोटरी न्यास कमेटी अध्यक्ष व पूर्व मंडलाध्यक्ष ललित मोहन गुप्ता ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय सहयोगी रोटरी क्लब नार्फ्लाेक्स सनराइज ने रोटरी क्लब मुरादाबाद ईस्ट के साथ मिलकर क्रेस्ट हास्पिटल मुरादाबाद में आधुनिक तकनीकीलब्ध रक्तकोष की स्थापना की है जिसकी सफलता रक्तदाताओं की जागरूकता पर निर्भर है। उसी उद्देश्य की पूर्ति हेतु इस अभियान का श्रीगणेश किया गया है।
क्रेस्ट रक्तकोष की प्रभारी रोटेरियन डा रिचा गर्ग ने, रक्तदान हेतु आवश्यक योग्यताओं व अयोग्यताओं से परिचित कराया। समाजसेवी गुरविंदर सिंह ने जीते जी रक्तदान, जाते जाते देहदान का नारा दिया। कार्यक्रम में 30 युवक-युवतियों ने रक्तदान की शपथ ली।
स्वैच्छिक रक्तदाता संजीव गोयल व विवेक गोयल, क्लब अध्यक्ष संजय किशोर, क्लब सचिव विनय मेहरोत्रा, सुरेश चंद्र अग्रवाल, प्रशांत सिंघल, एके सिंघल आदि के अलावा महाराजा हरीशचंद्र परास्नातक महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट, आरएसडी अकादमी की नर्सिंग छात्राएं यें व आई टी आई के छात्र छात्राएं आदि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल
