मुरादाबाद, 12 मार्च (हि.स.)। कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कुंदरकी नगर के नुरुल्ला मोहल्ला में मोहम्मद रफी अंसारी के आवास पर रोजा इफ्तार कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में रोजेदारों के साथ-साथ विभिन्न जाति और धर्म के लोगों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। सभी ने एक साथ बैठकर इफ्तार किया और सामाजिक सौहार्द व गंगा-जमुनी तहजीब को मजबूत करने का संदेश दिया। इफ्तार से पहले मुल्क की खुशहाली, अमन-चेन और आपसी एकता के लिए दुआ की गई।

कुंदरकी विधायक ने कहा कि भारत की असली खूबसूरती ऐसे आयोजनों में दिखाई देती है, जहां हर धर्म और समुदाय के लोग एक साथ बैठकर प्रेम और भाईचारे का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक इफ्तार जैसे आयोजन समाज में आपसी विश्वास, सद्भाव और साझी संस्कृति को मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को भाईचारे का संदेश देते हैं।
कार्यक्रम के अंत में लोगों ने एक-दूसरे को रमजान की मुबारकबाद दी और समाज में आपसी सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर मोहम्मद रफी अंसारी, जहीर अंसारी, मोहम्मद यूसुफ, मास्टर मुजीब, मेंहदी हसन, शकील अंसारी, वसीम अंसारी, नूर मोहम्मद अंसारी, अनस अंसारी, दिनेश ठाकुर, अरविंद ठाकुर, राजपाल आर्य, संजय दिवाकर सहित सैकड़ों रोजेदार उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल
