मीरजापुर, 05 मार्च (हि.स.)। चुनार कोतवाली क्षेत्र के बल्लीपुर गांव में गुरुवार सुबह ससुराल आए एक युवक की कुएं में गिरकर डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

रामगढ़ निवासी 40 वर्षीय राजू राजभर का विवाह बल्लीपुर गांव के डिंगुर राजभर की पुत्री पूजा से हुआ था। वह रोजगार के सिलसिले में कोलकाता में रहता था, जबकि उसकी पत्नी अपने दो बच्चों के साथ मायके में रहती है। सोमवार को राजू कोलकाता से ससुराल आया था।

बताया जाता है कि गुरुवार सुबह वह शौच के लिए खेत की ओर गया था। इसी दौरान खेत में बने कुएं के पास पैर फिसलने से वह उसमें गिर गया। आसपास खेत में काम कर रहे लोगों ने शोर मचाया और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। इसके बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुनार ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोतवाल विजय शंकर सिंह के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटनावश कुएं में गिरने का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
