शिमला, 08 फ़रवरी (हि.स.)। शिमला जिला के कुमारसैन क्षेत्र में एक 16 वर्षीय नाबालिग के लापता होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत

मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

शिकायत क्षेत्र की एक महिला ने दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया गया है कि वह 4 फरवरी को स्वास्थ्य जांच के लिए आईजीएमसी शिमला गई थीं और 5 फरवरी को घर लौटने पर उनका 16 वर्षीय बेटा घर पर नहीं मिला।
परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया।
शिकायतकर्ता के अनुसार परिवार के सदस्यों ने उसके मोबाइल फोन पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन नाबालिग ने परिवार के सदस्यों के मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिए थे, जिससे संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच थाना कुमारसैन में तैनात हेड कांस्टेबल अरुण शर्मा कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है और नाबालिग का पता लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
