मीरजापुर, 12 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में जमालपुर क्षेत्र के कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ओड़ी की छात्रा नरगिस ने 36वीं राज्य स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुश्ती में स्वर्ण पदक जीतकर मीरजापुर मंडल का नाम रोशन किया है। उसकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है और लोगों ने छात्रा को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

राज्य स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन 9 से 11 मार्च के बीच अयोध्या स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा मैदान में हुआ। प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग के 54 से 58 किलोग्राम भार वर्ग की कुश्ती स्पर्धा में नरगिस ने दमदार प्रदर्शन किया। उसने फाइनल मुकाबले में कानपुर मंडल की पहलवान को पटखनी देकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।
नरगिस ने पहले चक्र में वाराणसी मंडल की खिलाड़ी को चित्त किया और दूसरे चक्र में वॉकओवर मिलने के बाद फाइनल में जगह बनाई। इसके बाद निर्णायक मुकाबले में शानदार जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक हासिल किया। नरगिस वर्तमान में कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ओड़ी में कक्षा आठ की छात्रा है। उसकी सफलता पर पिता रोशन अली और माता राबिया बेगम को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
वहीं बालक वर्ग में कंपोजिट विद्यालय गोरखपुर माफी के छात्र सूरज कुमार ने जूनियर वर्ग के 32 से 35 किलोग्राम भार वर्ग की कुश्ती प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। इसके अलावा 4×100 मीटर बालिका रिले दौड़ में कंपोजिट विद्यालय वियरही की छात्रा खुशबू ने प्रतिभाग करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
बच्चों की इस सफलता पर एबीएसए देवमणि पांडेय, सरिता त्रिपाठी, राजेश कुमार सिंह, सुरेन्द्र सिंह, गजेन्द्र प्रसाद सिंह, संजय श्रीवास्तव, सुभाषचंद्र सिंह, सूर्यकेश सिंह और काशी समेत कई शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को बधाई दी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
