कूचबिहार, 03 अप्रैल (हि.स.)। कूचबिहार एयरपोर्ट से हवाई सेवा को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। सात अप्रैल से 30 जून तक यहां सप्ताह में एक दिन के बजाय छह दिन विमान सेवा चालू रहेगी। केवल शुक्रवार को उड़ान सेवाएं बंद रहेंगी।

एयरपोर्ट अथॉरिटी के डायरेक्टर शुभाशीष पाल ने इसकी जानकारी दी। हालांकि हाल ही में कोलकाता से कोई यात्री कूचबिहार नहीं पहुंचा, लेकिन यहां से तीन यात्री कोलकाता के लिए रवाना हुए।
अधिकारियों को उम्मीद है कि नियमित सेवा शुरू होने पर नौ सीटों वाले इंडिया वन एयर के विमान में यात्रियों की संख्या बढ़ेगी।
गौरतलब है कि कूचबिहार-कोलकाता हवाई सेवा को लेकर पहले काफी विवाद हुआ था। इंडिया वन एयर कंपनी ने बिना पूर्व सूचना के कई बार उड़ानें रद्द कर दी थीं और 31 जनवरी को अनुबंध की अवधि भी समाप्त हो गई थी। इसके बाद केंद्र सरकार ने 18 मई तक इस परियोजना की समयसीमा बढ़ाई थी और सप्ताह में एक दिन सेवा बहाल की गई थी, जिसे लेकर अनियमितता की शिकायत भी सामने आई थी। अब एयरलाइन कंपनी ने अगले तीन महीनों तक नियमित सेवा देने का आश्वासन दिया है और इस संबंध में एयरपोर्ट अथॉरिटी को पत्र भी भेजा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
