जोधपुर,10 फरवरी (हि.स.)। कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर वीएस जैतावत ने कहा कि अब जैविक खेती के प्रति बढ़ते रुझान से बाजार में वर्मीकम्पोस्ट की भारी मांग है, जिससे यह व्यवसाय ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में स्वरोजगार के लिए एक बेहतरीन विकल्प बनकर उभर रहा है। साथ ही पर्यावरण अनुकूल होने की वजह से केंचुआ खाद धरती के लिए भी अत्यंत फायदेमंद है।

कुलगुरु ने यह बात कृषि महाविद्यालय जोधपुर के मृदा विज्ञान एवं कृषि रसायन विभाग की ओर से अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं के लिए आयोजित पांच दिवसीय केचुआ खाद एवं मिट्टी परीक्षण प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह के मौके पर अध्यक्षीय संबोधन के रूप में कहीं। कार्यक्रम में मौजूद प्रतिभागियों को उन्होंने प्रोत्साहित करते हुए कहा कि महिलाओं के लिए स्वरोजगार से जुडक़र आत्मनिर्भर बनने के लिए यह बेहतरीन मौका है, बाजार में केंचुआ खाद की बढ़ती मांग को देखते हुए प्रशिक्षण के बाद एकल या सामूहिक रूप से इस व्यवसाय को शुरू कर आर्थिक रूप से मजबूत बन सकती है।

कार्यक्रम में मौजूद महाविद्यालय के डीन एवं संकायाध्यक्ष डॉ जे आर वर्मा ने मिट्टी परीक्षण के फायदे बताते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से मिट्टी में मौजूद पोषक तत्वों की जानकारी मिल सकेगी ताकि मिट्टी में पहले से मौजूद पोषक तत्वों की जानकारी से अनावश्यक खाद डालने की आवश्यकता नहीं पड़ती, इस से मिट्टी स्वस्थ बनी रहती है। इस दौरान निदेशक, एचआरडी, डॉ महेंद्र कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने के साथ-साथ युवाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना भी है। इसलिए प्रशिक्षण को गहनता से सीख कर व्यवहारिक रूप से अपनावें।
कार्यक्रम में मृदा विज्ञान के विभागाध्यक्ष डॉ प्रदीप पगारिया ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि अन्न उपजाने वाली धरती को मां का दर्जा दिया जाता है, इसलिए सभी का दायित्व है कि धरा पर से रसायनों का बोझ कम कर उसका प्राकृतिक स्वरूप लौटायें। उन्होंने पांच दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुए कहा कि मिट्टी परीक्षण लैब संचालित करने सहित इस से जुड़ी अन्य विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी इस दौरान दी जावेगी। कार्यक्रम के दौरान कुलगुरु प्रोफेसर जैतावत ने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में शामिल होने के उद्देश्यों पर भी चर्चा की। कार्यक्रम में आभार डॉ पी आर रैगर ने जताया। मंच संचालन कार्यक्रम संयोजक, डॉ सीमा ने किया। इस दौरान कार्यक्रम के सह संयोजक डॉ अभितेज सिंह शेखावत सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश
