कानपुर, 07 फरवरी (हि.स.)। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने शुक्लागंज क्षेत्र में अवैध एवं अनाधिकृत निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। यह कार्रवाई उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल के निर्देश पर शनिवार को प्रवर्तन (जोन-1बी) द्वारा की गई। अभियान का नेतृत्व विशेष कार्याधिकारी एवं उपजिलाधिकारी रवि प्रताप सिंह ने किया।

प्रवर्तन टीम ने राजधानी मार्ग शुक्लागंज में पीटर इंग्लैंड शोरूम के बगल, जोगा भोगा के पास स्थित लगभग 200 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के परिसर को सील किया। यह परिसर अंकित मिश्रा व अन्य के नाम दर्ज है। यहां मानकों के विपरीत अवैध निर्माण किया जा रहा था। विकास कार्य रोकने के नोटिस और पुलिस पत्र जारी होने के बावजूद चोरी-छिपे निर्माण जारी रखने पर उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की धारा 28(क) के तहत सीलिंग की कार्रवाई की गई।
इसके अलावा बैकुंठपुर मंधना क्षेत्र में जितेन्द्र सिंह भदौरिया व अन्य द्वारा लगभग चार बीघा भूमि पर बिना प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराए विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को भी सील किया गया। दोनों सील परिसरों को पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। कार्रवाई के दौरान कनिष्ठ अभियंता हिमांशु, सुपरवाइजर लाल सिंह, राजकुमार तथा क्षेत्रीय पुलिस बल मौजूद रहा।
प्रवर्तन विभाग ने बताया कि मंधना क्षेत्र में अभिनव, शंकर लाल व अन्य द्वारा बगदौधी बांगर कछार में लगभग 3000 वर्ग मीटर, दयाशंकर, मदन सिंह, योगेश, गजेन्द्र सिंह व अन्य द्वारा बगदौधी बांगर में लगभग 18000 वर्ग मीटर तथा कल्याणपुर क्षेत्र के गम्भीरपुर गांव में अज्ञात विकासकर्ता द्वारा करीब 18000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अवैध प्लाटिंग चिन्हित की गई है। निर्धारित समयसीमा में जवाब न मिलने पर इनके विरुद्ध आगे की कार्रवाई प्रस्तावित है।
इसके अतिरिक्त नवाबगंज, कल्याणपुर और बिठूर थाना क्षेत्रों में स्थित करीब चार बीघा अवैध निर्माण और प्लाटिंग को चिन्हित कर शीघ्र सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
