कैथल, 11 मार्च (हि.स.)। जिले के गांव तितरम में करीब 18 युवकों ने रास्ता रोककर दो युवकों पर गंडासियों और डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपियों ने उनकी कार को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घायलों को उपचार के लिए पहले कैथल लाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घायल युवक की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में गांव तितरम निवासी अंकुश ने बताया कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। छह मार्च को कैथल शहर में उसका काला नामक युवक के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इसके बाद वह अपने घर लौट आया। उसी दिन शाम काे वह अपने दोस्त गुरबाज के साथ कार में सवार होकर खेतों की ओर जा रहा था।
अंकुश के अनुसार जब वे शेरूखेड़ी रोड के पास पहुंचे तो सामने से आ रही एक कार के चालक ने उनकी कार को टक्कर मार दी, जिससे उनकी गाड़ी सड़क से उतरकर खेतों में चली गई। इसी दौरान कई मोटरसाइकिलों पर सवार होकर कर्मबीर, काला, बोबल, सिंगा, रसीला, धर्मबीर, धीरा, मानू, लीलू, सुरेंद्र, गुरमीत समेत सात-आठ अन्य युवक मौके पर पहुंच गए। सभी के हाथों में गंडासी और डंडे थे।
शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपियों ने आते ही उन पर हमला बोल दिया और दोनों पर गंडासियों व डंडों से ताबड़तोड़ वार किए। साथ ही उनकी कार को भी बुरी तरह तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर आने लगे तो आरोपी वहां से फरार हो गए। जाते समय उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी।
मामले की जांच कर रहे तितरम थाना के जांच अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बुधवार काे बताया कि घायल युवक की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे
