कोरबा, 14 मार्च (हि. स.)। नगर निगम द्वारा शहर में स्वच्छता को लेकर चलाए जा रहे महा अभियान के तहत शनिवार को वार्ड क्रमांक 25 शिवाजीनगर और वार्ड क्रमांक 29 मुड़ापार में मेगा स्वच्छता ड्राइव चलाया गया। इस दौरान निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने दोनों वार्डों में पैदल भ्रमण कर सफाई कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने बस्तियों की गलियों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि नालियों से निकले कचरे और अन्य अपशिष्ट का तुरंत उठाव कर उसका परिवहन किया जाए। इसके साथ ही नालों और नालियों के ऊपर लगे स्लैब हटाकर उनकी सतह तक सफाई कराई गई। सड़कों के किनारे जमी धूल-मिट्टी, झाड़ियां और कचरे की सफाई के साथ ही कीटनाशक दवाओं और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी किया गया।
भ्रमण के दौरान आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने वार्ड के गली-मोहल्लों में जाकर रहवासियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, नियमित सफाई व्यवस्था, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और पेयजल से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने लोगों से पूछा कि कचरा लेने के लिए रिक्शा प्रतिदिन आता है या नहीं और घरों में डस्टबिन उपलब्ध है या नहीं। प्राप्त शिकायतों के तत्काल निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश भी दिए गए।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सी एंड डी वेस्ट फेंकने, अतिक्रमण करने, दुकानों में डस्टबिन न रखने और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि शहर को साफ-सुथरा रखने में निगम के साथ सहयोग करें, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखें तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री और कैरीबैग का उपयोग न करें।
नगर निगम के 32 एमएलडी जल उपचार संयंत्र में आवश्यक मरम्मत कार्य किए जाने के कारण 15 मार्च की शाम और 16 मार्च की सुबह शहर के कई हिस्सों में जल आपूर्ति बाधित रहेगी। निगम ने नागरिकों से अपील की है कि 15 मार्च की सुबह मिलने वाले पानी का आवश्यक संग्रह कर लें।
स्वच्छता महा अभियान के तहत 16 मार्च को वार्ड क्रमांक 41 पाड़ीमार क्रमांक-02 और वार्ड क्रमांक 56 शक्तिनगर क्रमांक-01 में मेगा स्वच्छता ड्राइव चलाया जाएगा, जहां बस्तियों, कॉलोनियों और सड़कों में व्यापक सफाई कार्य किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
—————
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी
