कोरबा, 10 फरवरी (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक यूट्यूबर युवती ने अपने ही पिता की गला काटकर हत्या कर दी। घटना हरदी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम रलिया स्थित लिममुंडा बस्ती की है। मृतक की पहचान 55 वर्षीय अशोक कुमार केवट के रूप में हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अशोक कुमार केवट की पत्नी और तीन बेटियां पिछले आठ वर्षों से कोरबा के आदिले चौक क्षेत्र में अलग रह रही थीं। बताया गया है कि अशोक अपनी पत्नी और बड़ी बेटी के चरित्र पर संदेह करता था, जिससे पारिवारिक संबंध लंबे समय से तनावपूर्ण थे। सोमवार 9 फरवरी को पत्नी और तीनों बेटियां जमीन के मुआवजे से संबंधित कार्य के लिए गांव आई थीं और रात में वहीं रुकी थीं।

रात करीब 2 बजे किसी बात को लेकर पिता अशोक और उनकी बड़ी बेटी गीता केवट (27) के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान पिता द्वारा अपशब्द कहे जाने से गीता आक्रोशित हो गई और घर में रखे हसिया से पिता का गला काट दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपित युवती स्वयं घर से बाहर निकली और रिश्तेदारों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने अशोक को खून से लथपथ मृत अवस्था में पाया। पुलिस ने मौके से हसिया जब्त कर लिया है।
हरदी बाजार थाना प्रभारी प्रमोद डनसेना ने मंगलवार काे बताया कि आरोपित बेटी को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में मृतक के आदतन शराबी होने और पारिवारिक कलह की बात सामने आई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
—————
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी
