


खड़गपुर, 07 फरवरी (हि. स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल में बिना टिकट एवं अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों के खिलाफ वाणिज्य विभाग द्वारा शनिवार को विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य रेलवे नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना और टिकट रहित यात्रा पर अंकुश लगाना रहा।

अभियान के तहत मंडल के विभिन्न खंडों में एक साथ विशेष जांच दलों को तैनात किया गया। इस दौरान ट्रेन संख्या 22504, 12842, 12828, 12841, 12703, 12704, 18027, 12074, 12073, 12814, 12860, 22891 एवं 68124 में सघन टिकट जांच की गई। जांच अभियान हावड़ा–मेदिनीपुर, खड़गपुर–भद्रक, रूपसा–बांगरीपोसी एवं खड़गपुर–टाटानगर खंडों में संचालित किया गया।

इसके साथ ही उपनगरीय ट्रेन सेवाओं में भी हावड़ा–मेदिनीपुर, पांसकुड़ा–हल्दिया तथा आमता खंडों में विशेष जांच अभियान चलाया गया, जिससे बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अभियान के दौरान कुल 278 यात्रियों को बिना टिकट अथवा अनियमित टिकट पर यात्रा करते हुए पकड़ा गया, जिनसे एक लाख 76 हजार 715 रुपए की जुर्माना राशि वसूल की गई।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
