हुगली, 24 मार्च (हि. स.)। विधानसभा चुनाव से पहले हुगली के खानाकुल में भाजपा को झटका लगा है। भाजपा प्रत्याशी और विधायक सुषांत घोष के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मंगलवार को करीब 20 सक्रिय कार्यकर्ता अपने परिवारों सहित तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए।

बताया गया है कि ये कार्यकर्ता पलाश राय के नेतृत्व में सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए। पार्टी बदलने वाले कार्यकर्ताओं का आरोप है कि स्थानीय भाजपा नेतृत्व पार्टी के निर्देशों का पालन नहीं कर रहा है और मनमाने तरीके से संगठन चला रहा है, जिससे विचारधारात्मक विचलन हो रहा है। उन्होंने विधायक सुषांत घोष पर भ्रष्टाचार और व्यक्तिगत आचरण को लेकर भी नाराजगी जताई।
हालांकि, सुषांत घोष ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि तृणमूल में शामिल होने वाले लोग लंबे समय से भाजपा में सक्रिय नहीं थे। हालांकि अन्य आरोपों पर उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, चुनाव से पहले खानाकुल में दोनों प्रमुख दलों के भीतर गुटबाजी की स्थिति बनी हुई है। जहां तृणमूल धीरे-धीरे एकजुट होती दिख रही है, वहीं भाजपा के स्थानीय नेतृत्व में मतभेद अब भी स्पष्ट हैं। उम्मीदवार की घोषणा के बावजूद पार्टी के कुछ नेता अभी तक चुनाव प्रचार में सक्रिय नहीं हुए हैं।
ऐसे में पार्टी उम्मीदवार के खिलाफ नाराजगी के बीच कार्यकर्ताओं का पार्टी बदलना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
