खूंटी, 01 मार्च (हि.स.)। हजारीबाग जिले के बरही निवासी रमेश यादव नामक ट्रक चालक ने खूंटी के मोटर वाहन निरीक्षक(एमवीआइ ) मोहम्मद शाहनवाज पर गाली गलौज और मारपीट करने और मोबाइल छीनने का आरोप लगाते हुए खूंटी थाने में आवेदन दिया है।

इस घटना के संबंध में रमेश यादव ने रविवार को खूंटी थाने में बताया कि वह जिंदल कंपनी रायगढ़ से माल लेकर शनिवार को रांची जा रहा था। रांची में नो एंट्री हो जाने के कारण वह कालामाटी स्थित भारत पेट्रोल पंप के निकट अपना ट्रक लगाकर ट्रक में सो गया। रात लगभग 11:30 बजे एमवीआइ मोहम्मद शहनवाज वहां पहुंचे और ट्रक का दरवाजा खोलकर गाली गलौज करते हुए गाड़ी के कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस आदि की मांग करने लगे। जब चालक ने सभी कागजात दे दिए, तब शहनवाज ने कहा कि ट्रक ओवरलोड है।

यह कह कर मारपीट करने लगे और जबरन ट्रक को दतिया रोड में ले जाकर खड़ा करवा दिया और कहा कि जो मैनेज करना है वह ऑफिस में आकर करो। रविवार सुबह चालक ने अपने परिवार को किसी दूसरे के फोन से सूचना दी। साथ ही छत्तीसगढ़ के कई चालकों को भी घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही रविवार को कई ट्रक चालक वर्दी में खूंटी थाना पहुंचे और एमवीआइ के खिलाफ आवेदन देखकर कानूनी कार्रवाई की मांग की
इस संबंध में पूछे जाने पर एमवीआइ मोहम्मद शाहनवाज ने कहा कि मारपीट की बात बे बुनियाद है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के चालकों ने अपना एक संगठन बना रखा है और उसी के बल पर अवैध कम करते हैं। संगठन के बल पर धौंस जमाते हैं। उन्होंने कहा कि मारपीट या गाली गलौज की बात आधारहीन है। उन्होंने कहा कि ट्रक चालक ने ही उनके और कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार किया। ट्रक में जो कमी पाई गई, उसके आधार पर चालान काटा गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा
